PATNA: भाड़ में जाए जनता अपना काम बनता कुछ इसी तर्ज पर इनदिनों बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजनीति करते दिख रहे हैं। तेजस्वी यादव एक बार फिर से बिहार से गायब हैं। तेजस्वी यादव के पास बाढ़ से प्रभावित बिहार की जनता की सुध लेने की फुर्सत नहीं है। बिहार की बाढ़ से प्रभावित जनता तेजस्वी यादव को लगातार ढ़ूढ़ रही है लेकिन जनाब हरियाणा चुनाव में अपनी रिश्तेदारी निभा रहे हैं।
इस बीच तेजस्वी यादव की कुछ तस्वीर सोशल मीडिया में सामने आई है। तस्वीरों में तेजस्वी यादव हरियाणा चुनाव में अपनी रिश्तेदारी निभाते दिख रहे हैं। दरअसल तेजस्वी यादव हरियाणा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अपने बहनोई चिरंजीवी राव के लिए रेबाड़ी में प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या बिहार की जनता से ज्यादा अपनी रिश्तेदारी को महत्व देते हैं तेजस्वी?
अपने बहनोई के नामांकन से लेकर चुनाव प्रचार का जिम्मा तेजस्वी यादव संभाले हुए हैं। ऐसे में तेजस्वी को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। राजनीति के जानकार मानते हैं कि लोकसभा में मिली करारी शिकस्त के बाद से अबतक तेजस्वी यादव उबर नहीं पाए हैं इसलिए वे लगातार बिहार से गायब रह रहे हैं। चाहे मुजफ्फरपुर में बच्चों की हुई मौत का मामला हो या फिर बिहार में बाढ़ का कहर हो तेजस्वी के पास बिहार की जनता की सुध लेने की फुर्सत नहीं है।