बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

प्रो. कुमकुम राय को लेकर मचा घमासान, मंत्री नीरज बोले- तेजस्वी इस जालसाजी का दें जवाब

प्रो. कुमकुम राय को लेकर मचा घमासान, मंत्री नीरज बोले- तेजस्वी इस जालसाजी का दें  जवाब

PATNA : पूर्व राज्यसभा सांसद व जदयू नेत्री कुमकुम राय को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्म हो गई है। राजद के कार्यकारिणी में कुमकुम राय को राष्ट्रीय सचिव जैसा महत्वपूर्ण पद दिया गया है। 

इधर इस मामले को लेकर जदयू ने राजद से जवाब मांगा है। जदयू विधान पार्षद व मंत्री नीरज कुमार ने इस मामले को लेकर राजद पर जमकर  निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि वैसे तो राजद अपने जंगलराज को लेकर जाना ही जाता है अब वह राजनैतिक संगठन में जंगलराज कायम करने पर उतर आया है। 

नीरज कुमार ने कहा है कि राजद कार्यकारिणी की जो घोषणा की गई है उसमें भी बड़ी जालसाजी हुई है। पूर्व राज्यसभा सांसद प्रो. कुमकुम राय जदयू की सदस्य है उन्हें राजद ने राष्ट्रीय सचिव बना दिया है। 

उन्होंने कहा है कि यह एक बड़ी जालसाजी है। कुमकुम राय जदयू की सदस्य है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि   उनका राजद से अब कोई नाता नहीं है। वे जदयू की सदस्य हैं और उनकी  निष्ठा सीएम नीतीश कुमार में है। तेजस्वी इस जालसाजी का जवाब दे।

बता दें लालू प्रसाद की पार्टी ने जदयू की अहम सदस्य एवं वरिष्ठ नेता प्रोफेसर  कुमकुम राय को राष्ट्रीय टीम में ऊंचा ओहदा दिया है। राजद ने कुमकुम को अपनी नेशनल टीम में राष्ट्रीय सचिव बनाया है। हैरत तो यह कि राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एस. एम. कमर आलम ने गुरुवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मीडिया को कुमकुम राय के मनोनयन के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि लालू प्रसाद से अनुमति लेने के बाद ही राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की जा रही है। 

उधर प्रो. कुमकुम राय ने देर रात राजद के दावे को खारिज करते हुए खुद को जदयू के साथ बताया। उन्होंने कहा कि वह लालू प्रसाद के साथ नहीं, बल्कि नीतीश कुमार के साथ हैं। पता नहीं कैसे उन्हें राजद में पदाधिकारी बना दिया गया है। 

कुमकुम का कहना है कि उन्होंने 19 अगस्त 2019 को ही राजद छोड़कर जदयू की सदस्यता ले ली थी। अब मेरी पूरी आस्था मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ है।

रोहित की रिपोर्ट

Suggested News